जाने माने कपास वैज्ञानिक डॉ. सी. डी. मायी द्वारा प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मान प्राप्ति पर अभिनंदन
मुंबई, 27 मार्च, 2026 को भाकृअनुप - केंद्रीय कपास प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. एस. के. शुक्ला द्वारा संस्थान में, प्रतिष्ठित कपास वैज्ञानिक डॉ. सी. डी. मायी को उनके हालिया वैश्विक सम्मान के उपलक्ष्य में, एक गुलदस्ता, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. मायी, जिन्हें प्यार से "भारत का कॉटन मैन" कहा जाता है, को वाशिंगटन, डी.सी. स्थित अंतर्राष्ट्रीय कपास सलाहकार समिति (ICAC) द्वारा प्रतिष्ठित "आइसीएसी रिसर्चर ऑफ द ईयर 2025" पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 23 मार्च, 2026 को जर्मनी के ब्रेमेन स्थित ऐतिहासिक संसद भवन में आयोजित आइसीएसी की 83वीं पूर्ण बैठक के दौरान प्रदान किया गया।
यह गौरवपूर्ण सम्मान डॉ. मायी के कृषि विज्ञान के क्षेत्र में, विशेष रूप से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर कपास क्षेत्र के विकास और उन्नति में, पाँच दशकों से अधिक समय तक दिए गए उल्लेखनीय योगदान के प्रति समर्पित है। उनके अग्रणी प्रयासों ने कपास की उत्पादकता, अनुसंधान नवाचार और किसानों के कल्याण को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित किया है।
डॉ. मायी वर्तमान में इंडियन सोसाइटी फॉर कॉटन इम्प्रूवमेंट (ISCI), मुंबई के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
आइसीएआर- सिरकॉट में आयोजित संक्षिप्त सम्मान समारोह में डॉ. मायी की उपलब्धियों के प्रति सराहना और सम्मान व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ. ए. जे. शेख (पूर्व निदेशक, आइसीएआर- सिरकॉट और ISCI के अध्यक्ष) और डॉ. ए. एस. एम. राजा (प्रधान वैज्ञानिक और प्रमुख, गु.मू.सु.विभाग) भी उपस्थित थे। इन गणमान्य व्यक्तियों ने भारत के कपास अनुसंधान समुदाय को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए डॉ. मायी को बधाई दी। उनकी यह उपलब्धि कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके आजीवन समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और अमूल्य योगदान का एक जीता-जागता प्रमाण है।
- पिछले पृष्ठ पर जाने के लिए
- |
-
पृष्ठ अंतिम अद्यतन तिथि:27-03-2026 05:24 PM
